दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर होगी चर्चा

महिला आरक्षण और परिसीमन पर केंद्र सरकार की बड़ी बैठक आज, पीएम मोदी की अध्यक्षता में होगा मंथन

नई दिल्ली, दिल्ली। संसद के संभावित विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित होगी। सूत्रों के मुताबिक, दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होने वाली इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सभी केंद्रीय मंत्रियों को भेजी गई सूचना

मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्रियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें सूचना भेजी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कहा था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है। इसके मद्देनजर उन्होंने मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में उपलब्ध रहने को कहा था।

महिला आरक्षण विधेयक में संशोधन संभव

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार की बैठक में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों में कुछ संशोधन करने पर विचार कर सकती है। महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

अप्रैल में पारित नहीं हो पाया था विधेयक

केंद्र सरकार ने अप्रैल में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। मतदान के दौरान विधेयक के समर्थन में 298 और विरोध में 234 मत पड़े थे। सरकार आवश्यक दो तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी।

राजग के पक्ष में बदले लोकसभा के समीकरण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के चलते उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। वहीं, शिवसेना यूबीटी के छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं।

इसके बाद भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के पास घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है।

द्रमुक और शरद पवार की पार्टी पर रहेंगी निगाहें

द्रमुक के पास 22 और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पास आठ लोकसभा सदस्य हैं। यदि दोनों दल परिसीमन के मुद्दे पर सरकार का समर्थन करते हैं तो यह संख्या बढ़कर 349 हो सकती है। हालांकि, दोनों दलों का रुख अभी स्पष्ट नहीं है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!