दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

बिल का ऑटो पेमेंट जारी, फिर भी आयुष्मान आरोग्य केंद्र में अंधेरा! बिजली विभाग स्लीप मोड पर

धनपुरी में बिजली विभाग की अजीबोगरीब कार्यप्रणाली, हर महीने बिल जमा होने के बावजूद काट रखा है कनेक्शन, स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा असर

शहडोल।छिरहटी

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के धनपुरी अंतर्गत एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां आयुष्मान आरोग्य केंद्र का बिजली बिल तो हर महीने नियमित रूप से जमा हो रहा है, लेकिन केंद्र में रोशनी के नाम पर अंधेरा पसरा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि बिजली बिल का भुगतान बाकायदा ऑटो पेमेंट मोड पर है, इसके बावजूद बिजली विभाग ने केंद्र का कनेक्शन काट रखा है।

एक तरफ आयुष्मान आरोग्य केंद्र में मरीजों की दिनभर आवाजाही बनी रहती है, वहीं दूसरी तरफ बिजली के अभाव में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में परेशानियां सामने आ रही हैं। केंद्र में उपयोग होने वाले शासकीय उपकरणों के संचालन के लिए भी विद्युत आपूर्ति आवश्यक है। ऐसे में बिजली कनेक्शन कटा होना मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में बाधा बन रहा है।

सवाल यह है कि जब बिजली बिल का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है, तो आखिर विभाग ने कनेक्शन किस आधार पर काट रखा है? क्या बिजली विभाग के रिकॉर्ड में भुगतान की जानकारी अपडेट नहीं है या फिर विभागीय समन्वय की कमी का खामियाजा स्वास्थ्य केंद्र और मरीजों को भुगतना पड़ रहा है?

ग्रामीणों का कहना है कि लगभग हर महीने बिल का भुगतान होने के बावजूद बिजली विभाग की इस कार्यप्रणाली से उसकी जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे कर रहा है, वहीं सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव उन दावों की जमीनी हकीकत सामने ला रहा है सवाल बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि नियमित भुगतान के बावजूद आयुष्मान आरोग्य केंद्र की बिजली आखिर कब बहाल होगी? सरकारी विभागों की आपसी लापरवाही का खामियाजा मरीज कब तक भुगतेंगे।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!