राजस्थान के टोंक सवाई माधोपुर से भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व MP सुखबीर सिंह जौनापुरिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे वीडियो में बीजेपी नेता को मुस्लिम महिलाओं को कंबल देने से इनकार करते देखा जा सकता है। सुखबीर सिंह 2014 से 2024 तक एमपी रहे थे।

BJP नेता ने मुस्लिम महिलाओं को नहीं बांटे कंबल

सुखबीर सिंह जौनापुरिया की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हो रही है। सुखबीर सिंह को महिलाओं से यह कहते हुए सुने जा सकता है कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देते हैं, उन्हें कंबल का कोई अधिकार नहीं है।

सुखबीर सिंह जब महिलाओं को कंबल बांट रहे होते हैं, तभी वे उनमें से एक से नाम पूछते हैं। जब उन्हें पता चलता है कि वो महिला मुस्लिम है, तब वे अपने साथियों से उस महिला को कंबल देने के लिए मना कर देते हैं।

सुखबीर सिंह इस बात पर कहते हैं, ‘मेरी बात सुनो, जो लोग प्रधानमंत्री मोदी को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का कोई अधिकार नहीं है। अगर आपको बुरा लगे तो मैं कुछ नहीं कर सकता।’

वीडियो में कई लोग सुखबीर सिंह के ऐसा करने से नाराज भी नजर आते हैं। सिंह ने दावा किया है कि वह अपने पैसों से कंबल बांट रहे थे और इसके लिए कोई सरकारी फंड इस्तेमाल नहीं किया।

कांग्रेस ने कड़े शब्दों में की आलोचना

टोंक सवाई माधोपुर से कांग्रेस MP हरीश चंद्र मीणा ने सुखबीर सिंह का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है।

कांग्रेस MP ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘गरीब और असहाय महिलाओं को कंबल देकर फिर उनका नाम पूछकर, उनके धर्म के आधार पर कंबल वापस लेना, यह बेहद शर्मनाक और अमानवीय कृत्य है।’

हरीश चंद्र मीणा ने आगे लिखा, ‘राजनीति सेवा का माध्यम होती है, अपमान और भेदभाव का नहीं। जनता जनप्रतिनिधियों को इसलिए चुनती है कि वे हर वर्ग, हर धर्म और हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ समान व्यवहार करें, न कि किसी की गरीबी और मजबूरी का मजाक बनाएं।’