दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

ट्रंप की ईरान को फिर हमले की चेतावनी, बोले- कल भी हो सकती है कार्रवाई

नई दिल्ली, भारत

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित सैन्य हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया और कहा कि अमेरिका कभी भी हमला कर सकता है। हालांकि, ट्रंप ने दोनों देशों के बीच बड़े समझौते की उम्मीद भी जताई है।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि अमेरिका ईरान पर दोबारा हमला करने के कितना करीब है। इस पर उन्होंने कहा कि संभव है कि कार्रवाई अगले दिन ही हो जाए। उनके इस बयान ने क्षेत्र में सैन्य टकराव की आशंकाओं को फिर बढ़ा दिया है।

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तेहरान अपनी प्रतिबद्धताओं पर कायम रहेगा। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर संकेत दिया था कि तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा। उनके ताजा बयान से संभावित सैन्य कार्रवाई की समयसीमा को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

ईरान ने अमेरिका पर बातचीत बाधित करने का लगाया आरोप

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका पर युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत में रुकावट डालने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता ने अधिकारियों को समझौते की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अमेरिका ने बातचीत के दौरान नियमों का उल्लंघन किया।

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ ने भी अमेरिका को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के कारण वाशिंगटन खुद संकट में फंस गया है। वहीं, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया कि सैन्य धमकियों से ईरान की नीतियां नहीं बदलेंगी।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर मतभेद

होर्मुज स्ट्रेट को फिर खोलने के प्रस्ताव पर भी दोनों पक्षों से जुड़ी अलग-अलग खबरें सामने आई हैं। ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने पाकिस्तान के माध्यम से किसी नए प्रस्ताव की खबर को खारिज किया है। दूसरी ओर, पाकिस्तान में ईरान के राजदूत ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी हटने पर उनका देश इस समुद्री मार्ग को खोलने के लिए तैयार है।

इसी बीच, ईरानी सेना ने बंदर अब्बास के ऊपर एक अमेरिकी लुकास ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और अमेरिकी पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!