दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

मोबाइल की लत को लेकर विवाद बना खूनी वारदात की वजह, सूरत में बेटी ने पिता की कर दी हत्या

सूरत, गुजरात। गुजरात के सूरत में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर पिता और बेटी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। यहां 22 वर्षीय युवती काजल पर अपने पिता रमेश सिंह राजपूत की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पिता ने बेटी को मोबाइल फोन छोड़कर पढ़ाई करने और घर के कामों में सहयोग देने के लिए कहा था। इससे नाराज होकर युवती ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर हमला किया और बाद में रसोई के चाकू से कई वार कर दिए।

 

यह मामला सूरत के अमरोली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रमेश सिंह राजपूत अपनी बेटी काजल के साथ एक कमरे के मकान में रहते थे। पिता और बेटी के बीच मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर अक्सर बहस होती रहती थी। पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि दोनों के बीच इस विषय पर कई बार विवाद हुआ था।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को रमेश सिंह ने अपनी बेटी को मोबाइल फोन का इस्तेमाल कम करने की सलाह दी थी। उन्होंने उससे पढ़ाई पर ध्यान देने और घर के कामों में हाथ बंटाने को कहा। इसी बात को लेकर काजल नाराज हो गई। गुस्से में उसने प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद उसने रसोई में रखे चाकू से भी उन पर हमला किया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। घायल रमेश सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस निरीक्षक जयदीप वनार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच के बाद आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त पार्थ चोवटिया के अनुसार, काजल की अपने पिता के साथ अक्सर बहस होती थी। घटना वाले दिन भी मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती ने पिता पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय काजल बेरोजगार थी और पिता के साथ रहती थी। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!