दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

हरियाणा में कन्या गुरुकुल से करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, चंदा दिलाने के नाम पर लिए 1.15 करोड़ रुपये; चार पर केस

जींद, हरियाणा। शादीपुर स्थित कन्या गुरुकुल को भारी भरकम चंदा दिलाने का भरोसा देकर एक करोड़ 15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुरुकुल प्रबंधन को जमा राशि का 20 गुना चंदा दिलाने और सिक्योरिटी राशि वापस करने का आश्वासन दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर प्रबंधन ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। जुलाना थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

समिति के सहसचिव के माध्यम से हुआ संपर्क

गुरुकुल शिक्षा समिति के प्रधान महेंद्र ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि जून 2023 में समिति के सहसचिव मालवी निवासी रणबीर ने उन्हें करनाल के मॉडल टाउन निवासी देवेंद्र चौहान के बारे में बताया था। रणबीर के मुताबिक, देवेंद्र अपनी कंपनियों में पैसा जमा करवाकर संस्थाओं को चंदा दिलवाता था।

इसके बाद समिति के सदस्यों ने महेंद्र को इस संबंध में बातचीत करने के लिए अधिकृत किया।

गुरुकुल के निर्माण कार्यों के लिए चंदे का प्रस्ताव

शिकायत के अनुसार, जुलाई 2023 में देवेंद्र अपने दो साथियों के साथ गुरुकुल पहुंचा। उसने चारदीवारी और अन्य कार्यों के लिए चंदा उपलब्ध कराने की बात कही। आरोप है कि उसने कंपनी के खाते में सिक्योरिटी राशि जमा करने पर एक सप्ताह के भीतर उसका 20 गुना चंदा दिलाने का भरोसा दिया था।

दिल्ली में बैठक के बाद भेजी गई रकम

देवेंद्र ने 17 और 18 जुलाई 2023 को दिल्ली के नेहरू पैलेस में फरीदाबाद निवासी राजीव शर्मा के साथ गुरुकुल प्रबंधन की बैठक करवाई। शिकायत के मुताबिक, राजीव ने भी चंदा दिलाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद 24 जुलाई को एक करोड़ रुपये और 25 जुलाई को 15 लाख रुपये विनित एंटरप्राइज और पूजा ट्रेडर्स के खातों में ट्रांसफर किए गए।

फोन बंद मिलने पर हुआ धोखाधड़ी का संदेह

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों से संपर्क करने पर पहले आश्वासन मिलता रहा, लेकिन बाद में उनके फोन बंद मिलने लगे। प्रबंधन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने देवेंद्र चौहान, राजीव शर्मा, मुकेश कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!