दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

अनूपपुर–रक्सा–कोलमी में पर्यावरण संरक्षण जनसुनवाई शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न

 

न्यूज़ोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को ग्राम सभाओं का सर्वसम्मत समर्थन

विनय मिश्रा

अनूपपुर | 

 

अनूपपुर जिले के रक्सा–कोलमी क्षेत्र में प्रस्तावित अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट को लेकर बुधवार को आयोजित पर्यावरण संरक्षण जनसुनवाई शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई। न्यूज़ोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (टोरंट पावर लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी) द्वारा प्रस्तावित इस परियोजना को ग्राम सभाओं का सर्वसम्मत समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार की नई संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
रक्सा खेल मैदान में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहडोल के तत्वावधान में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम रक्सा की सरपंच श्रीमती उमा सिंह एवं ग्राम कोलमी के सरपंच श्री राजू पनिका ने ग्राम सभाओं के लिखित समर्थन प्रस्ताव प्रस्तुत किए। ग्रामीण वक्ताओं ने क्षेत्रीय विकास, स्थानीय रोजगार, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से परियोजना को आवश्यक बताया, साथ ही पर्यावरणीय नियमों के सख्त पालन की अपेक्षा भी रखी।

जनसुनवाई की अध्यक्षता एटीएम दिलीप कुमार पांडे ने की। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अशोक तिवारी की उपस्थिति में कंपनी की कंसल्टेंट संस्था द्वारा परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों एवं संरक्षण उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों के प्रश्नों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा विधिवत अभिलेखित किया गया।
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि परियोजना में अत्याधुनिक प्रदूषण नियंत्रण तकनीक, वैज्ञानिक जल प्रबंधन, फ्लाई ऐश का सुरक्षित निपटान, व्यापक हरित पट्टी विकास और सतत पर्यावरणीय निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता तथा CSR के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
जनसुनवाई का समापन सहमति और संवाद के साथ हुआ, जो यह संकेत देता है कि यह परियोजना पर्यावरणीय संतुलन के साथ अनूपपुर जिले को ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास की नई दिशा देगी।

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!